उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड सीमा पर कोलहू नदी को पार करते समय मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में दंपती और उनकी मासूम बेटी तेज बहाव की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों की मदद से पति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि नदी में बही मां-बेटी की कई घंटे की तलाश के बाद शव बरामद कर लिए गए।
जानकारी के अनुसार कोटद्वार के भाबर क्षेत्र निवासी परिवार यूपी के बगनाला गांव से बाइक से अपने घर लौट रहा था। कोलहू नदी पार करते समय अचानक पानी का बहाव तेज हो गया। इस दौरान पति-पत्नी और गोद में मौजूद बच्ची नदी की धारा में बह गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पति को बचा लिया, लेकिन महिला और बच्ची तेज बहाव में दूर तक बह गईं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में सर्च अभियान शुरू किया। कई घंटे तक चले अभियान के बाद मां-बेटी के शव बरामद कर लिए गए। हादसे की सूचना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
मानसून के दौरान नदी-नालों में बढ़े जलस्तर और तेज बहाव के बीच इस तरह नदी पार करना जानलेवा साबित हो रहा है। प्रशासन की ओर से भी लोगों से बरसाती नदियों और गदेरों को पार करने से बचने की अपील की जाती रही है।




