अंतरराष्ट्रीयउत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदिल्ली एनसीआरदेश-विदेशदेहरादूनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

काकोरी स्टेशन महोत्सव में गूंजी देशभक्ति, शहीदों के परिजनों और सेवानिवृत्त रेलकर्मियों का सम्मान

ऐतिहासिक काकोरी रेलवे स्टेशन पर सोमवार को ‘काकोरी स्टेशन महोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली स्मृतियों और काकोरी ट्रेन एक्शन के अमर क्रांतिकारियों के योगदान को याद करते हुए आयोजित समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, मेधावी छात्र-छात्राओं और सेवानिवृत्त रेलकर्मियों को सम्मानित किया गया।

महोत्सव का शुभारंभ सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ के गायन से हुआ। कार्यक्रम का आयोजन अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) परितोष गौतम और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) विपिन शर्मा के मार्गदर्शन में किया गया। कार्यक्रम में पद्मश्री से सम्मानित कलीमुल्लाह, अमर शहीद अशफाक उल्ला खां के प्रपौत्र अफाक उल्ला खां और महान क्रांतिकारी सचिन्द्र नाथ बख्शी की पौत्री मीता बख्शी को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

इसके अलावा रेलवे में लंबे समय तक सेवाएं देने वाले सेवानिवृत्त रेलकर्मियों ए.के. सिंह, ओ.पी. मिश्रा, सतीश श्रीवास्तव, राजपाल सिंह और हैदर अली को भी सम्मानित किया गया।

तिरंगा फ्लैग मार्च ने बढ़ाया देशभक्ति का उत्साह

मुरादाबाद मंडल की सांस्कृतिक टीम ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और उपस्थित लोगों ने तिरंगा फ्लैग मार्च निकाला। आकाश में तिरंगे रंग के गुब्बारे छोड़े गए। वहीं, उत्तर रेलवे भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की टीम ने अतिथियों और अधिकारियों का तिलक लगाकर स्वागत किया।

संग्रहालय में देखीं काकोरी ट्रेन एक्शन की स्मृतियां

समारोह में अतिथियों ने स्टेशन परिसर में स्थापित काकोरी स्टेशन संग्रहालय का अवलोकन किया। संग्रहालय में काकोरी ट्रेन एक्शन और स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों एवं स्मृतियों को प्रदर्शित किया गया है। अशफाक उल्ला खां के प्रपौत्र अफाक उल्ला खां ने ऐतिहासिक धरोहर को संरक्षित करने के लिए रेलवे प्रशासन का आभार जताया। वहीं मीता बख्शी ने अपने दादा सचिन्द्र नाथ बख्शी से जुड़े संस्मरण साझा किए।

छात्र-छात्राओं ने दी देशभक्ति की प्रस्तुतियां

उत्तर माध्यमिक विद्यालय, अमेठिया सलेमपुर के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। छात्रा सुधी आराध्या बाजपेई ने ‘ऐ मेरे वतन के लोगों’ गीत प्रस्तुत कर माहौल को देशभक्तिमय बना दिया। काकोरी स्टेशन स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित ड्राइंग प्रतियोगिता के नौ विजेता विद्यार्थियों को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

स्टेशन स्थापना दिवस पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों की मौजूदगी में केक काटकर उत्सव मनाया गया। सेवानिवृत्त रेलकर्मियों ने रेलवे सेवा के दौरान के अनुभव और संस्मरण भी साझा किए।

अपर मंडल रेल प्रबंधक परितोष गौतम ने कहा कि काकोरी की ऐतिहासिक धरती भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति की प्रेरणादायी गाथा का प्रतीक है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम के समापन पर राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ का सामूहिक गायन हुआ। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) विपिन शर्मा ने अतिथियों, स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, विद्यार्थियों, सेवानिवृत्त रेलकर्मियों और क्षेत्रीय नागरिकों का आभार व्यक्त किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button