उत्तराखंड के शिक्षा विभाग में अनुरोध के आधार पर 1592 शिक्षकों और कर्मचारियों के तबादले किए गए हैं। विभाग ने स्थानांतरण आदेश जारी करते हुए संबंधित कार्मिकों को नई तैनाती वाले विद्यालयों में कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।
माध्यमिक शिक्षा में सहायक अध्यापक एलटी के गढ़वाल मंडल में 326 और कुमाऊं मंडल में 302 तबादले किए गए हैं। वहीं प्रवक्ता संवर्ग में महिला संवर्ग के 26 और सामान्य संवर्ग के 298 प्रवक्ताओं के स्थानांतरण हुए हैं। इसके अलावा 105 मिनिस्ट्रीयल कर्मचारियों के तबादले किए गए हैं, जिनमें 68 पारस्परिक स्थानांतरण शामिल हैं।
प्रारंभिक शिक्षा में भी विभिन्न जिलों के शिक्षकों के स्थानांतरण किए गए हैं। इनमें टिहरी, रुद्रप्रयाग, देहरादून, पिथौरागढ़, पौड़ी, उत्तरकाशी, चंपावत, ऊधमसिंह नगर, हरिद्वार, नैनीताल, बागेश्वर और अल्मोड़ा समेत अन्य जिलों के शिक्षक शामिल हैं। विभाग की ओर से संबंधित स्थानांतरण आदेशों की सूची ऑनलाइन जारी की गई है।
सात दिन में संभालना होगा कार्यभार
स्थानांतरण आदेश में कहा गया है कि संबंधित शिक्षक सात दिन के भीतर प्रतिस्थानी की प्रतीक्षा किए बिना स्थानांतरित विद्यालय में कार्यभार ग्रहण करेंगे। अधिकतर तबादले दुर्गम से सुगम अथवा सुगम से सुगम क्षेत्रों में किए गए हैं।
दुर्गम स्कूलों में शिक्षक कमी की चिंता
अनुरोध आधारित तबादलों के बाद दुर्गम और अति दुर्गम क्षेत्रों के कुछ विद्यालयों में शिक्षकों की कमी होने की आशंका भी जताई जा रही है। ऐसे विद्यालयों में विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए कम शिक्षक संख्या वाले विद्यालयों में आवश्यकतानुसार समायोजन किया जा सकता है। प्रवक्ता संवर्ग के कुछ तबादलों की प्रक्रिया अभी जारी है और शेष सूची भी जल्द जारी होने की बात विभाग ने कही है।




