उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदेश-विदेशदेहरादूनपर्यटनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

बरेली जंक्शन पर खान-पान और पेयजल व्यवस्था की जांच, दो वेंडरों पर जुर्माना

यात्रियों को स्वच्छ, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खान-पान सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को बरेली जंक्शन रेलवे स्टेशन पर खान-पान एवं पेयजल व्यवस्थाओं का संयुक्त निरीक्षण किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती विनीता श्रीवास्तव और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के निर्देश पर मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक एवं मुख्य वाणिज्य निरीक्षक ने विभिन्न खान-पान इकाइयों की जांच की।

निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म नंबर दो स्थित वेंडर्स को-ऑपरेटिव सोसाइटी और अशफाक उल्ला खान-पान ट्रॉली की जांच की गई। अधिकारियों ने वेंडरों के पहचान पत्र, खाद्य लाइसेंस, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र, खाद्य एवं पेय पदार्थों, रेट लिस्ट तथा खाद्य पदार्थों की तैयारी और बिक्री क्षेत्र में साफ-सफाई की स्थिति का जायजा लिया। दस्तावेज और रेट लिस्ट सही पाए गए, लेकिन खान-पान ट्रॉली में साफ-सफाई अपेक्षित स्तर की नहीं मिली। इस पर संबंधित दोनों वेंडरों पर नियमानुसार एक-एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।

निरीक्षण के दौरान यात्रियों को उपलब्ध कराए जाने वाले जनता खाना का नमूना गुणवत्ता परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। इसके अलावा पेयजल की गुणवत्ता जांचने के लिए ई-कोलाई परीक्षण हेतु प्लेटफॉर्म नंबर एक के वाटर बूथ संख्या तीन और प्लेटफॉर्म नंबर दो के वाटर बूथ संख्या दो से पानी के नमूने भी लिए गए।

रेल अधिकारियों ने संबंधित संचालकों को तत्काल साफ-सफाई सुनिश्चित करने, उचित कूड़ेदान एवं कचरा निस्तारण की व्यवस्था बनाए रखने तथा खाद्य स्वच्छता के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यात्रियों के स्वास्थ्य और सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऐसे निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button