स्वतंत्रता दिवस को लेकर देहरादून में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एसएसपी के निर्देश पर जिले की सीमाओं से लेकर आंतरिक मार्गों तक सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। बाहरी राज्यों से आने वाले लोगों और वाहनों की जांच के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी पुलिस की पैनी नजर है।
पुलिस टीमों ने रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, मुख्य बाजार, होटल, धर्मशाला, गेस्ट हाउस, मॉल समेत भीड़भाड़ वाले स्थानों पर आकस्मिक चेकिंग की। इस दौरान डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की मदद से संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं की जांच की गई। होटल व धर्मशालाओं में ठहरे लोगों के संबंध में भी आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है।
स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले की सीमाओं पर निगरानी बढ़ा दी गई है। चेकिंग के दौरान संदिग्ध रूप से घूमते मिले लोगों से पूछताछ कर उनका सत्यापन किया जा रहा है। नगर और ग्रामीण क्षेत्रों के संवेदनशील स्थानों पर पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों ने फ्लैग मार्च भी किया। इस दौरान लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और आपसी सौहार्द के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाने की अपील की गई।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए चेकिंग और गश्त का अभियान लगातार जारी रहेगा।




