कांवड़ यात्रा के अंतिम और सबसे चुनौतीपूर्ण चरण ‘डाक कांवड़’ की शुरुआत के साथ हरिद्वार में पुलिस और प्रशासन पूरी तरह हाई अलर्ट पर है। अगले तीन दिनों में लाखों डाक कांवड़ियों के हरिद्वार पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
प्रशासन ने प्रमुख कांवड़ मार्गों, हर की पैड़ी और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल, सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी और नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिए हैं। यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए कई मार्गों पर डायवर्जन लागू किया गया है और आम लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की गई है।
अधिकारियों के अनुसार डाक कांवड़ के दौरान सबसे बड़ी चुनौती श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही और यातायात को व्यवस्थित बनाए रखना है। पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, नगर निगम और अन्य विभागों की टीमें 24 घंटे निगरानी में जुटी हैं, ताकि कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न कराई जा सके।




