शिक्षा मंत्रालय द्वारा आयोजित कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (सीयूईटी) में हरिद्वार की प्रतिभाशाली छात्रा अनन्या मिश्रा ने 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जनपद का नाम रोशन किया है। अनन्या हरिद्वार निवासी अधिवक्ता दीपक मिश्रा की पुत्री हैं, जो जिला एवं सत्र न्यायालय हरिद्वार में कार्यरत हैं।
अनन्या की इस उल्लेखनीय सफलता की खबर मिलते ही मिश्रा परिवार के घर बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजनों, मित्रों एवं शुभचिंतकों ने अनन्या को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
अपनी सफलता पर अनन्या मिश्रा ने कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासित अध्ययन और माता-पिता के निरंतर सहयोग का परिणाम है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों एवं माता-पिता को देते हुए कहा कि उनकी माता हमेशा उनकी प्रेरणा का स्रोत रहीं, जिन्होंने हर परिस्थिति में आगे बढ़ने का हौसला दिया।
अनन्या की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जनपद में खुशी का माहौल है। शिक्षाविदों और सामाजिक लोगों ने भी उनकी सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया है।




