उत्तर प्रदेशउत्तराखंडदेश-विदेशदेहरादूनपर्यटनरुड़कीहरिद्वार

गंगा सप्तमी पर श्री रामेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

हरिद्वार: गंगा सप्तमी के पावन अवसर पर मॉर्डन कॉलोनी स्थित श्री रामेश्वर महादेव मंदिर में गुरुवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा और पूरे दिन धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन किया गया।

वैशाख शुक्ल सप्तमी के अवसर पर मां गंगा के जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। मंदिर के पुजारी पंडित मनोज शास्त्री के सान्निध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ रुद्राभिषेक संपन्न हुआ। मुख्य यजमानों ने सपरिवार दूध, दही, घी, शहद और गंगाजल से अभिषेक कर भगवान शिव और मां गंगा की आराधना की। इसके बाद रोली, पुष्प और तिलक से भगवान का श्रृंगार किया गया।

पंडित मनोज शास्त्री ने बताया कि गंगा सप्तमी के दिन गंगा स्नान और भगवान शिव का जलाभिषेक करने से सात जन्मों के पापों का नाश होता है। श्रद्धालुओं ने ‘गंगे च यमुने चैव’ मंत्रोच्चार के साथ दूध, पुष्प, अक्षत और चुनरी अर्पित कर मां गंगा का आह्वान किया।

दोपहर 12 बजे आयोजित महाआरती में ‘हर हर गंगे’, ‘नमामि गंगे’ और ‘बम बम भोले’ के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। आरती के बाद श्रद्धालुओं को पंचामृत एवं हलवा-चना का प्रसाद वितरित किया गया।

इस अवसर पर वरिष्ठ पदाधिकारी डीडी मित्तल ने श्रद्धालुओं से गंगा और मंदिर की स्वच्छता बनाए रखने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि गंगा को मां का दर्जा दिया गया है, इसलिए इसकी स्वच्छता बनाए रखना सभी का कर्तव्य है। कार्यक्रम में कॉलोनी के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button