मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मंगलौर में आयोजित जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने लिब्बरहेड़ी में कन्या डिग्री कॉलेज के नवनिर्माण और गंगनहर पर वर्षों से बंद पड़े पुल का निर्माण कराने की घोषणा की। इसके अलावा नारसन खुर्द में नाले की सफाई और पक्के नाले का निर्माण सहित कई विकास कार्यों को पूरा कराने का आश्वासन दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगलौर के समग्र विकास और क्षेत्र के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने मंगलौर से गुरुकुल बाईपास की ओर जाने वाले सराय राजवाहे की पटरी का निर्माण, टिकौला कलां में ग्राम सुथराड़ा की ओर जाने वाले सिलाखाला पर तटबंध बनाने तथा ग्राम ब्रह्मपुर जट में मदन के मकान से योगेंद्र के मकान तक सड़क निर्माण कराने की भी घोषणा की। ट्यूबवेल के बिजली बिल माफ करने की मांग पर उन्होंने कहा कि इस विषय का परीक्षण कराया जाएगा।
किसानों की गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर वर्ष किसानों के हित में गन्ना मूल्य बढ़ाने का प्रयास करती है। पिछले वर्ष भी गन्ना मूल्य में वृद्धि की गई थी और इस वर्ष भी जल्द निर्णय लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगलौर क्षेत्र अपनी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और मेहनतकश लोगों के लिए जाना जाता है। यहां के किसान, व्यापारी, श्रमिक और छोटे उद्यमी अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहे हैं। क्षेत्र में स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार काम किए जा रहे हैं। नारसन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट स्थापित की गई है, जबकि लिब्बरहेड़ी की आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है।
उन्होंने बताया कि मंगलौर विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक हजार से अधिक लोगों को आवास उपलब्ध कराए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 21 हजार से अधिक घरों में शौचालय बनाए गए हैं और 32 हजार से अधिक लोगों के आयुष्मान कार्ड तैयार किए गए हैं। जल जीवन मिशन के अंतर्गत 58 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली 27 पेयजल पंपिंग योजनाओं को स्वीकृति दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और कृषि लागत कम करने के लिए सरकार कई योजनाएं संचालित कर रही है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत उत्तराखंड के किसानों के खातों में अब तक तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि हस्तांतरित की जा चुकी है। किसानों को तीन लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त कृषि ऋण दिया जा रहा है। इसके साथ ही नहरों से सिंचाई की सुविधा निशुल्क की गई है और फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत कृषि उपकरणों की खरीद पर 80 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ समाज के सभी वर्गों के कल्याण के लिए काम कर रही है। प्रदेश में समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून लागू किए गए हैं। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत 200 से अधिक लोगों को जेल भेजा गया है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां दी गई हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना, किसानों की आय बढ़ाना तथा मातृशक्ति को सशक्त बनाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के संकल्प के साथ सरकार निरंतर कार्य कर रही है।
इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की नगर निगम की महापौर अनीता अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद, समालखा विधायक मनमोहन सिंह भड़ाना, श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, आदेश सैनी, चौधरी अजीत सिंह, किसान आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, ब्लॉक प्रमुख कविंद्र चौधरी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसपी नवनीत सिंह भुल्लर और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।




