हरिद्वार (लक्सर): कोतवाली लक्सर क्षेत्र के ग्राम भोगपुर निवासी एक ग्रामीण ने चकबंदी विभाग रुड़की के अधिकारी पर पद का दुरुपयोग करते हुए उसकी भूमि पर अवैध कब्जा कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस संबंध में प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष व सचिव को लिखित शिकायत सौंपकर मामले को प्रमुखता से उठाने और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
ग्राम भोगपुर निवासी विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय समेर चंद द्वारा दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार, गांव में स्थित खसरा संख्या 375/2 की भूमि पर चकबंदी अधिकारी रुड़की मुकेश पुंडीर द्वारा जबरन और अवैध तरीके से कब्जा करवाया जा रहा है। पीड़ित का आरोप है कि जिस महिला (सुषमा पत्नी सतीश कुमार) को कब्जा दिलाया जा रहा है, उसके पास वास्तव में खसरा संख्या 337/1 (रकबा लगभग 0.208 हेक्टेयर) का बैनामा है, न कि खसरा संख्या 375/2 का।
विनोद कुमार ने बताया कि एक खसरे के बैनामे की आड़ में दूसरे खसरे की जमीन पर कब्जा दिलाना राजस्व नियमों और कानून का सीधा उल्लंघन है। पीड़ित का कहना है कि जब उन्होंने संबंधित राजस्व और खतौनी अभिलेख दिखाकर इस अनियमितता का विरोध किया, तो अधिकारी ने उनकी बात को अनसुना कर दिया और मनमाने ढंग से अवैध कब्जे की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया।
पीड़ित ने साक्ष्यों के तौर पर खसरा/खतौनी के अभिलेख, बैनामे की प्रति और पूर्व में की गई शिकायतों के दस्तावेज प्रस्तुत करते हुए शासन-प्रशासन से संबंधित अधिकारी की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने तथा अवैध कब्जा तत्काल रुकवाने की मांग की है।




