मुख्यमंत्री खेल महाकुंभ-2026 के तहत संसदीय क्षेत्र स्तर पर लोकसभा सांसद चैम्पियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिता का आयोजन 25 से 27 सितंबर तक योगस्थली खेल परिसर, रोशनाबाद में किया जाएगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ 25 सितंबर को सुबह 11 बजे लोकसभा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत करेंगे।
जिला युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल अधिकारी ने बताया कि प्रतियोगिता में विधानसभा स्तर पर चयनित खिलाड़ियों के बीच एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, मुर्गा-झपट, पिट्टू और वॉलीबॉल की प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा संसदीय क्षेत्र स्तर पर मलखंभ, रस्साकशी, गोली (कंचा), बैडमिंटन और फुटबॉल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
25 सितंबर को हरिद्वार विधानसभा क्षेत्र के खिलाड़ियों की प्रतियोगिताएं होंगी। 26 सितंबर को ज्वालापुर, हरिद्वार शहरी, रानीपुर, हरिद्वार ग्रामीण, कलियर, धर्मपुर, डोईवाला और ऋषिकेश विधानसभा क्षेत्रों के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। 27 सितंबर को शेष निर्धारित प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
प्रतियोगिताएं अंडर-14 और अंडर-19 बालक एवं बालिका वर्ग में होंगी। मलखंभ प्रतियोगिता भी अंडर-14 और अंडर-19 वर्ग में आयोजित की जाएगी। सभी चयनित प्रतिभागियों को प्रतियोगिता स्थल पर सुबह 8:30 बजे अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रतियोगिताओं का संचालन समयबद्ध और सुव्यवस्थित ढंग से किया जा सके।




