ऑपरेशन प्रहार के तहत कलियर पुलिस ने वाहन चोरी के मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल समेत एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी नशे की पूर्ति और रोजमर्रा के खर्चों के लिए वाहन चोरी करने लगा था। आरोपी पूर्व में भी चोरी के मामले में जेल जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बढ़ेड़ी राजपुताना निवासी नफीस की मोटरसाइकिल संख्या UK17L-5423 13 सितंबर को कलियर स्थित टीन शेड से चोरी हो गई थी। सूचना मिलने पर थाना कलियर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने वाहन की तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर धनौरी एनआईसी तिराहे के पास चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान आशिक पुत्र शौकत, निवासी ग्राम महमूदपुर, थाना कलियर के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे की जरूरत और दैनिक खर्चों के लिए मोटरसाइकिल चोरी कर उसे बेचने जा रहा था। रास्ते में बाइक खराब हो गई, जिसके बाद वह उसे पैदल ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से काले-लाल रंग की बजाज सीटी-100 मोटरसाइकिल बरामद की। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस आरोपी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कर रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक मुनव्वर हुसैन, हेड कांस्टेबल इसरार अली और हेड कांस्टेबल माजिद खान शामिल रहे।




