उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस राजीव गांधी पंचायती राज संगठन ने प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी और ग्रामीण क्षेत्रों से युवाओं के पलायन के मुद्दे को लेकर ‘काम मांगो अभियान’ शुरू करने का निर्णय लिया है। देहरादून स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में हुई संगठन की बैठक में अभियान की रूपरेखा तय की गई। बैठक की अध्यक्षता संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ललित फर्स्वाण ने की। राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तराखंड प्रभारी दीपक राठौर भी बैठक में मौजूद रहे।
ललित फर्स्वाण ने कहा कि प्रदेश का युवा रोजगार की तलाश में भटक रहा है। सरकार रोजगार और स्वरोजगार को लेकर दावे कर रही है, लेकिन युवाओं को उनकी योग्यता और जरूरत के अनुरूप पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य रोजगार की भीख मांगना नहीं, बल्कि युवाओं के काम और सम्मानजनक रोजगार के अधिकार की आवाज उठाना है।
उन्होंने बताया कि अगले दो महीनों में प्रदेश के सभी 13 जिलों में कम से कम एक ब्लॉक में अभियान शुरू किया जाएगा। इसकी शुरुआत चमोली जिले के जोशीमठ ब्लॉक से होगी। पहले चरण में चमोली के साथ हरिद्वार, देहरादून, ऊधमसिंह नगर और नैनीताल जिलों को शामिल किया गया है।
राष्ट्रीय महासचिव दीपक राठौर ने कहा कि गांवों को मजबूत किए बिना राज्य का समग्र विकास संभव नहीं है। मनरेगा, लघु एवं कुटीर उद्योग, कृषि, बागवानी, पशुपालन, पर्यटन और स्वरोजगार के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाए जा सकते हैं। संगठन ने सरकार से रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती, भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता, स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता और प्रभावी स्वरोजगार योजनाएं लागू करने की मांग उठाने का निर्णय लिया।
अभियान को प्रदेश के प्रत्येक जनपद, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर तक ले जाने की योजना है। इस दौरान युवाओं, ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों से संवाद कर रोजगार से जुड़ी समस्याओं को चिह्नित किया जाएगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने की मांग सरकार के समक्ष रखी जाएगी।




