उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजना में तीन मृत श्रमिकों के नाम पर फर्जीवाड़ा कर आर्थिक सहायता हासिल करने का प्रयास सामने आया है। मामले में बोर्ड की ओर से तीन आश्रितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
बोर्ड के अधिकारियों के अनुसार मृत्यु के बाद आश्रितों को मिलने वाली आर्थिक सहायता के लिए लक्सर निवासी मेहरबान शाह, नदीम और मेनपाल के नाम से ऑनलाइन आवेदन किए गए थे। आवेदनों की जांच में पता चला कि तीनों श्रमिकों की काफी समय पहले ही मृत्यु हो चुकी है। आरोप है कि उनके नाम पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर सहायता राशि लेने का प्रयास किया गया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि संबंधित ग्राम पंचायत के मृत्यु अभिलेखों में तीनों के नाम दर्ज नहीं थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए बोर्ड के सचिव प्रकाश चंद्र दुम्का की ओर से आश्रितों शहरून, अंजुम और बेबी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
उप श्रम आयुक्त विपिन कुमार ने बताया कि प्रकरण में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




