स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भाजपा की ओर से रविवार को देहरादून में तिरंगा यात्रा निकाली गई। हर घर तिरंगा अभियान के तहत गांधी पार्क से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी यात्रा में शामिल हुए।
यात्रा से पहले मुख्यमंत्री ने घंटाघर स्थित उत्तराखंड आंदोलन के महानायक स्व. इंद्रमणि बडोनी और भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद वह गांधी पार्क से घंटाघर तक निकली तिरंगा यात्रा में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि तिरंगा यात्रा राष्ट्र गौरव का उत्सव है और तिरंगा करोड़ों भारतीयों के स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों में तिरंगा फहराने और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर जवानों ने तिरंगे की आन-बान-शान के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सभी को सदैव प्रतिबद्ध रहना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि के साथ वीरभूमि भी है। प्रदेश की मिट्टी ने देश को बड़ी संख्या में वीर सैनिक दिए हैं। राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों के कल्याण के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है।




