थोक केंद्रीय उपभोक्ता सहकारी भंडार लिमिटेड, हरिद्वार के चुनाव में विकास तिवारी पैनल ने प्रचंड बहुमत हासिल किया। 14 सदस्यीय निदेशक मंडल में से 11 सीटों पर जीत दर्ज करने के साथ विकास तिवारी लगातार दूसरी बार संस्था के अध्यक्ष निर्वाचित हुए। वहीं, श्रीमती कामनी साडना उपाध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुनी गईं।
निर्वाचन के बाद नवगठित निदेशक मंडल की बैठक में विभिन्न शीर्ष सहकारी संस्थाओं के लिए प्रतिनिधियों का सर्वसम्मति से चयन किया गया। जिला सहकारी बैंक, यूसीबी, यूसीफ, पीसीयू, राज्य उपभोक्ता संघ, डीसीडीएफ और हॉर्टीफेड के लिए प्रतिनिधियों को निर्विरोध मनोनीत किया गया।
पूरी निर्वाचन प्रक्रिया चुनाव अधिकारी विनोद कुमार और सहायक चुनाव अधिकारी देवेंद्र सिंह की देखरेख में शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुई। दोनों अधिकारियों ने सभी निर्वाचित पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों को विधिवत निर्वाचित घोषित किया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष विकास तिवारी ने सभी मतदाताओं, निदेशकों और सहकारी परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जीत सहकारिता के मूल्यों, पारदर्शिता और टीम भावना की जीत है। उन्होंने संस्था को और अधिक सशक्त, पारदर्शी तथा सदस्य हितैषी बनाने के लिए सभी के सहयोग से कार्य करने का संकल्प दोहराया।




