निर्जला एकादशी के अवसर पर केयर ग्रुप ऑफ कॉलेज ने बहादराबाद स्थित काली मंदिर के समीप श्रद्धालुओं एवं राहगीरों के लिए शरबत वितरण शिविर का आयोजन किया। भीषण गर्मी के बीच आयोजित इस सेवा अभियान में बड़ी संख्या में लोगों को शीतल शरबत वितरित कर मानव सेवा का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में संस्थान के विद्यार्थियों, शिक्षकों, आईटी विभाग के सदस्यों तथा सभी प्रधानाचार्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और राहगीरों की सेवा करते हुए सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया।
केयर ग्रुप ऑफ कॉलेज के प्रबंध निदेशक राजकुमार शर्मा एवं निदेशिका डॉ. प्रीति शिखा शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक विकास नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सेवा भावना, सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय मूल्यों का विकास करना भी है। इसी सोच के तहत संस्थान समय-समय पर जनहित के कार्यक्रम आयोजित करता है।
कार्यक्रम में उपस्थित समाजसेवियों और गणमान्य नागरिकों ने संस्थान की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सेवा कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देने के साथ युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़ते हैं। इस दौरान शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं अनेक नागरिक मौजूद रहे।




