उत्तर रेलवे की अंतर्मंडलीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता के तहत लखनऊ स्थित आरडीएसओ (RDSO) प्रेक्षागृह में आयोजित नाटक प्रतियोगिता में मुरादाबाद मंडल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। मंडल की टीम ने मुंशी प्रेमचंद की प्रसिद्ध कहानी पर आधारित नाटक ‘सदगति’ का प्रभावशाली मंचन कर निर्णायकों का दिल जीत लिया।
प्रतियोगिता में उत्तर रेलवे के विभिन्न मंडलों की 10 टीमों ने भाग लिया। कड़े मुकाबले के बाद राकेश बलोदी के निर्देशन में प्रस्तुत ‘सदगति’ को प्रथम पुरस्कार मिला। लखनऊ मंडल दूसरे और जगाधरी मंडल तीसरे स्थान पर रहा।
मुरादाबाद मंडल की कलाकार कुमारी महक मेहरा को उनके उत्कृष्ट अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार प्रदान किया गया।
महाप्रबंधक उत्तर रेलवे राजेश कुमार पांडेय तथा प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी सुजीत कुमार मिश्रा ने विजेता कलाकारों को पुरस्कार एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।




