रुद्रप्रयाग के नगरासू गुरुद्वारे को लेकर चल रहे विवाद के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और प्रदेश में शांति बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने और संयम बनाए रखने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सभी धर्मों का सम्मान करने वाला राज्य है और यहां आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व सुविधाओं के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले का समाधान बातचीत और कानून के दायरे में किया जाएगा तथा किसी के साथ भेदभाव नहीं होगा।
नगरासू गुरुद्वारे में निहंग सिखों और प्रशासन के बीच जारी गतिरोध को लेकर प्रशासन लगातार संवाद बनाए हुए है। जिला प्रशासन ने भी स्पष्ट किया है कि गुरुद्वारे में धार्मिक गतिविधियां, अरदास और लंगर की व्यवस्था सामान्य रूप से संचालित हो रही है तथा किसी तरह की भ्रामक खबरों पर विश्वास न किया जाए।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रदेश सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और सभी पक्षों के सहयोग से शांतिपूर्ण समाधान निकाला जाएगा, ताकि हेमकुंड साहिब यात्रा सहित अन्य धार्मिक गतिविधियां सुचारु रूप से चलती रहें।




