हरिद्वार, 9 जून। उत्तराखंड जल संस्थान कर्मचारी संगठन, शाखा हरिद्वार के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों पर कार्रवाई न होने के विरोध में मंगलवार को पन्दीप स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों का आरोप है कि संगठन द्वारा पूर्व में सौंपे गए मांग पत्र पर 15 दिन से अधिक समय बीत जाने के बावजूद विभाग की ओर से कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है।
धरने के दौरान कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। प्रदर्शन की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष रघुवीर सिंह रावत ने की, जबकि संचालन शाखा सचिव अमित कुमार ने किया। इस अवसर पर गढ़वाल मंडल अध्यक्ष प्रवीण सैनी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
प्रदर्शन में संजय कुमार शर्मा, अमित गोयल, श्यामा प्रसाद, दीवाकर, रमेश कुमार, स्वदेश कुमार, अंकित कुमार, सुशील पटवाल, बाकर मोहम्मद रजा, संजय सिंह समेत बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए।
गढ़वाल मंडल अध्यक्ष प्रवीण सैनी एवं संगठन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कर्मचारियों की जायज मांगों पर शीघ्र ठोस निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक एवं उग्र रूप दिया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी विभागीय प्रशासन की होगी।




