उत्तराखंड में सौर ऊर्जा क्षेत्र को प्रोत्साहन देने के लिए राज्य विद्युत नियामक आयोग (यूईआरसी) ने सौर परियोजनाओं से उत्पादित बिजली की दरों को यथावत रखने का निर्णय लिया है। आयोग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए सौर पीवी, रूफटॉप सोलर और अन्य लघु सौर परियोजनाओं की लागत एवं टैरिफ संबंधी मानकों की समीक्षा करते हुए दरों में कटौती नहीं करने का फैसला लिया है।
यूईआरसी के प्रस्ताव के अनुसार वर्ष 2026-27 में स्थापित होने वाली सौर पीवी परियोजनाओं के लिए सामान्य टैरिफ 3.96 रुपये प्रति यूनिट प्रस्तावित किया गया है, जबकि ग्रिड इंटरैक्टिव रूफटॉप एवं लघु सौर संयंत्रों के लिए 2 रुपये प्रति यूनिट की दर पूर्ववत जारी रहेगी। आयोग का मानना है कि स्थिर दरों से राज्य में अक्षय ऊर्जा निवेश को बढ़ावा मिलेगा और सौर ऊर्जा परियोजनाओं की आर्थिक व्यवहार्यता बनी रहेगी।
विशेषज्ञों के अनुसार इस निर्णय से राज्य में सौर ऊर्जा उत्पादन को गति मिलेगी तथा स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में निवेशकों और उपभोक्ताओं दोनों को लाभ पहुंचेगा।




