गंगा सप्तमी के पावन अवसर पर महाराज अग्रसेन घाट समिति के पदाधिकारियों ने मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस दौरान घाट पर धार्मिक माहौल बना रहा और श्रद्धालुओं ने गंगा मैया का आशीर्वाद प्राप्त किया।
समिति के अध्यक्ष रामबाबू बंसल और महामंत्री डॉ. विशाल गर्ग के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में मां गंगा की आराधना की गई। डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि मां गंगा मोक्षदायिनी हैं और हरिद्वार की जीवन रेखा हैं। देश-विदेश में उनके करोड़ों भक्त हैं और मात्र आचमन से ही मनुष्य का अंत:करण शुद्ध हो जाता है।
उन्होंने कहा कि गंगा सप्तमी के अवसर पर दान-पुण्य करना अत्यंत फलदायी होता है तथा समाज सेवा में प्रत्येक व्यक्ति को अपना योगदान देना चाहिए। मां गंगा सभी के कष्टों को दूर करने वाली हैं, इसलिए उन्हें अविरल, स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
डॉ. गर्ग ने तीर्थ यात्रियों से अपील की कि वे पुराने कपड़े, कूड़ा-कचरा या अन्य अपशिष्ट गंगा के आसपास न फेंकें और घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि हरिद्वार में देश-दुनिया से श्रद्धालु गंगा स्नान और दर्शन के लिए आते हैं तथा आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य लाभ अर्जित करते हैं।
कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारी एवं श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




