हरिद्वार, 5 अप्रैल। उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में योगस्थली स्पोर्ट्स स्टेडियम, रोशनाबाद में आयोजित राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का रविवार को समापन हो गया। प्रतियोगिता में प्रदेश के 13 जनपदों के खिलाड़ियों ने भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के बालक वर्ग में चंपावत की टीम विजेता रही, जबकि नैनीताल उपविजेता रहा। वहीं बालिका वर्ग में पिथौरागढ़ की टीम ने चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया और स्पोर्ट्स हॉस्टल पिथौरागढ़ उपविजेता रहा।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि खेल मंत्री रेखा आर्य ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी प्रदान की। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड को खेल भूमि के रूप में विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि लोहाघाट में स्पोर्ट्स कॉलेज निर्माण की प्रक्रिया जारी है तथा बालिकाओं के लिए भी स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जा रहा है, जिससे भविष्य में बेटियों के लिए खेलों में बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे।
विधायक रवि बहादुर एवं राज्यमंत्री हेमराज बिष्ट ने भी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। हरिद्वार बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में चंपावत के राहुल को बेस्ट बॉक्सर तथा पिथौरागढ़ के समक्षचंद को बेस्ट प्रोमिसिंग बॉक्सर का खिताब दिया गया।
इस अवसर पर नवीन चौहान, विपिन चौधरी, सुधीर जोशी, राकेश चौधरी, सुनीता चौधरी, विक्रम सिंह, अमित सैनी, सुदेश सैनी, दीपक पवार सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।




