सप्तऋषि, हरिद्वार। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अनुषांगिक संगठन अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की दो दिवसीय बैठक शांतिकुंज, सप्तऋषि में आयोजित हुई। बैठक में उपभोक्ताओं व बच्चों के हितों की सुरक्षा से जुड़े कई अहम प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने का निर्णय लिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष नारायण शाह ने कहा कि ऑस्ट्रेलिया और मलेशिया जैसे देशों की तर्ज पर भारत में भी कम आयु के बच्चों के लिए अनियंत्रित सोशल मीडिया सामग्री पर सख्त नियंत्रण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध असंयमित सामग्री बच्चों के मानसिक व नैतिक विकास पर नकारात्मक प्रभाव डाल रही है, जिसे रोकने के लिए ठोस नीति बनाई जानी चाहिए।
बैठक में बच्चों और युवाओं को सकारात्मक दिशा में जागरूक करने तथा सुरक्षित डिजिटल उपयोग को बढ़ावा देने पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान जयंत कथारिया, पवन त्यागी, सुरेश चंद्र सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।




