हरिद्वार, 3 अप्रैल। रोशनाबाद स्थित योग स्थली स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय यूथ बॉक्सिंग प्रतियोगिता का शुभारंभ रानीपुर विधायक आदेश चौहान एवं मेयर किरण जैसल ने संयुक्त रूप से किया। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 10 जिलों और 10 स्पोर्ट्स कॉलेजों की टीमों के कुल 154 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें 97 बालक और 57 बालिकाएं शामिल हैं।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला स्पोर्ट्स कॉलेज पिथौरागढ़ और साईं ट्रेनिंग सेंटर काशीपुर के बीच खेला गया।
इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि सरकार खेलों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अब देवभूमि के साथ-साथ खेलभूमि के रूप में भी अपनी पहचान बना रहा है।
मेयर किरण जैसल ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम है, बल्कि एक बेहतर करियर का विकल्प भी प्रदान करता है।
जिला मुक्केबाजी संघ के अध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताओं से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है और खेल के प्रति रुचि बढ़ती है।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, उत्तराखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव गोपाल खोलिया, आजीवन अध्यक्ष मुखर्जी निर्वाण, हरिद्वार बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव नवीन चौहान सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।




