धर्मनगरी हरिद्वार स्थित अवधूत मंडल आश्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही, जिससे आश्रम परिसर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा।
समारोह में संकल्प सेवा परमो धर्म ट्रस्ट ने सक्रिय भूमिका निभाई। ट्रस्ट की अध्यक्ष रंजीता झा के नेतृत्व में संगठन के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं सचिव तरूण शुल्का ने व्यवस्थाओं का सुचारू संचालन किया। कार्यक्रम में योगेश चौधरी, सचिन चौधरी, धर्मेंद्र कुमार सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नगर निगम की मेयर किरण जैसल का भी स्वागत किया गया। मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों का फूल-मालाओं से अभिनंदन किया गया। आश्रम में मौजूद साधु-संतों ने मंत्री मदन कौशिक को आशीर्वाद प्रदान किया, जिससे वातावरण आध्यात्मिक भाव से ओत-प्रोत हो गया।
विशेष रूप से स्वामी संतोष आनंद महाराज की अनुपस्थिति में साध्वी नेहा दीदी ने हनुमान जी की प्रतिमा एवं शॉल भेंट कर मंत्री का सम्मान किया।
अपने संबोधन में मदन कौशिक ने आगामी 2027 के चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं से अभी से तैयारी में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास और जनसेवा को प्राथमिकता देते हुए वे पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों ने समाज सेवा और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। आयोजन ने हरिद्वार की सामाजिक एवं राजनीतिक गतिविधियों में नई ऊर्जा का संचार किया।




