हरिद्वार, 22 मार्च। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) हरिद्वार नगर के तीनों उपनगरों में वर्ष प्रतिपदा (हिंदू नववर्ष) के अवसर पर भव्य पथ संचलन एवं उत्सव कार्यक्रम आयोजित किए गए। पहली बार तीनों उपनगरों के पथ संचलन एक साथ प्रारंभ होकर चंद्राचार्य चौक पर एकत्रित हुए और संयुक्त रूप से आगे बढ़ते हुए निर्धारित मार्गों से होते हुए अपने-अपने गंतव्यों तक पहुंचे। इस दौरान जगह-जगह स्वयंसेवकों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
उत्तरी उपनगर का कार्यक्रम ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय, मध्य हरिद्वार का एसएमजेएन कॉलेज तथा दक्षिण उपनगर का आयोजन आर्यनगर चौक पर हुआ। तीनों स्थानों से एक साथ पथ संचलन प्रारंभ होने से पूरे शहर में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
दक्षिण उपनगर में पश्चिम उत्तर क्षेत्र कार्यकारिणी सदस्य ईश्वर दयाल ने संघ की 100 वर्षों की यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हिंदू समाज के संगठन के उद्देश्य से स्थापित यह संगठन आज विशाल वटवृक्ष बन चुका है, जो देश ही नहीं, विश्वभर में समाज को एकजुट करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने वर्ष प्रतिपदा को सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व बताते हुए कहा कि इसी दिन से सृष्टि की रचना एवं विक्रम संवत का प्रारंभ माना जाता है।
मध्य हरिद्वार में विभाग संपर्क प्रमुख कुंवर रोहिताश ने समाज को जागृत कर राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने नागपुर में जन्मे डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन से प्रेरणा लेने पर जोर देते हुए कहा कि समाज को संगठित और जागरूक बनाना समय की आवश्यकता है। उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में घटती भागीदारी पर चिंता व्यक्त करते हुए अधिक से अधिक मतदान के लिए जागरूकता बढ़ाने का भी संदेश दिया।
उत्तरी हरिद्वार में जिला संचालक डॉ. यतींद्र नाग्यान ने संघ के शताब्दी वर्ष में प्रारंभ किए गए “पंच परिवर्तन” के संकल्प को दोहराया।
कार्यक्रमों में छत्रपति शिवाजी, महाराणा प्रताप और गुरु गोविंद सिंह जैसे वीरों के जीवन से प्रेरणा लेने तथा जाति, वर्ग और क्षेत्रीय भेदभाव से ऊपर उठकर एकजुट समाज के निर्माण पर बल दिया गया।
विभिन्न कार्यक्रमों की अध्यक्षता डॉ. के. स्वरूप, डॉ. रोहित सिंघल और ज्ञानेश अग्रवाल ने की। इस अवसर पर सह विभाग प्रचारक ललित शंकर, जिला प्रचारक जगदीप, नगर प्रचारक शुभम, जिला सह कार्यवाह संजय व भूपेंद्र, नगर कार्यवाह डॉ. अनुराग, सह नगर कार्यवाह अभिषेक व बलदेव सहित अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। विधायक आदेश चौहान, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही।




