मुरादाबाद, 17 मार्च। उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल द्वारा रेलवे राजस्व की सुरक्षा और यात्रियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मंगलवार को मुरादाबाद रेलवे स्टेशन पर विशेष किलेबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य गुप्ता के निर्देशन में चले इस अभियान में 20 टिकट चेकिंग स्टाफ ने रेलवे सुरक्षा बल के सहयोग से 21 ट्रेनों की सघन जांच की। अभियान के दौरान बिना टिकट यात्रा, अनियमित यात्रा और गंदगी फैलाने के मामलों में कुल 306 केस दर्ज किए गए।
इनमें 112 बिना टिकट यात्रियों से 63,730 रुपये, 189 अनियमित यात्रियों से 82,960 रुपये तथा गंदगी फैलाने के 5 मामलों में 650 रुपये जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार कुल 1,47,340 रुपये का राजस्व अर्जित किया गया।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान वैध टिकट साथ रखें, निर्धारित श्रेणी में ही यात्रा करें और स्टेशन व ट्रेनों में स्वच्छता बनाए रखें। किसी भी सहायता के लिए यात्री रेलवे हेल्पलाइन 139 या ‘रेल वन’ एप का उपयोग कर सकते हैं।




