हरिद्वार। चंद्र ग्रहण के उपरांत अंबे नगर स्थित मां सिद्धिदात्री मंदिर में अंबे नगर युवा कमेटी के तत्वावधान में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ सुंदरकांड एवं हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया।
इस अवसर पर श्री कृष्ण कुमार बाजपेई व वीरेंद्र कौशल की अगुवाई में संगीतमय सुंदरकांड का सुमधुर गायन किया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। सुंदरकांड पाठ के पश्चात विधि-विधान से पूजन एवं आरती संपन्न कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम के अंत में होली मिलन समारोह का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।
अंबे नगर कमेटी की ओर से कार्यक्रम में सहयोग देने वाले सदस्यों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य यजमान सौरभ सिंह एवं उनके छोटे भाई ने सुंदरकांड कमेटी के सदस्यों का विशेष सम्मान किया।
इस अवसर पर ब्रजेश सिंह, वीर बहादुर सिंह, शशिकांत त्रिवेदी, पप्पू दीक्षित, सोनू शर्मा, अरुण गुप्ता, वीरेंद्र कौशल, राम बहादुर सैनी, राम मोहन गुप्ता, कमलेश सिंह, डब्लू सिंह, सौरभ तिवारी, कल्याण सिंह, मानस मिश्रा, आशीष चौरसिया सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।




