उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदिल्ली एनसीआरदेश-विदेशदेहरादूनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें युवा

संविधान दिवस के अवसर पर एसएमजेएन (पीजी) कॉलेज में नशामुक्त भारत एवं विकसित भारत विषय पर युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कॉलेज के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ, विधिक सहायता प्रकोष्ठ, एंटी ड्रग सेल एवं मेरा युवा भारत, हरिद्वार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को संविधान के मूल्यों, मौलिक कर्तव्यों और नशामुक्त समाज के निर्माण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने की। मुख्य वक्ता के रूप में एम्स गुवाहाटी के अध्यक्ष पद्मश्री प्रो. (डॉ.) बीकेएस संजय मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ संविधान की प्रस्तावना के मूल भावों एवं संवैधानिक मूल्यों के स्मरण के साथ हुआ।

अध्यक्षीय संबोधन में श्रीमहंत डॉ. रविंद्र पुरी ने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति और भविष्य का आधार हैं। युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, संस्कार, सेवा और राष्ट्र निर्माण में करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। प्रत्येक युवा को नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लेकर अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करना चाहिए। उन्होंने युवाओं से संविधान के मूल्यों को आत्मसात कर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुख्य वक्ता पद्मश्री प्रो. बीकेएस संजय ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही प्रभावित नहीं करता, बल्कि उसके परिवार, सामाजिक जीवन और राष्ट्र की उत्पादकता पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए युवाओं को नशे से दूर रहकर अपनी प्रतिभा और ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगानी होगी। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य और दायित्व है। युवावस्था जीवन निर्माण का महत्वपूर्ण समय है, इसलिए युवाओं को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने, स्वास्थ्य संबंधी भ्रांतियों से बचने और नशे के विरुद्ध जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि संविधान केवल कानूनी दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और सामाजिक समरसता का आधार है। इस दौरान उन्होंने सड़क सुरक्षा पर आधारित अपनी कविता ‘खतरा’ का पाठ कर युवाओं को सुरक्षित एवं संयमित जीवन जीने का संदेश भी दिया।

कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. सुनील कुमार बत्रा ने कहा कि संविधान दिवस लोकतंत्र के मूल आदर्शों और संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराने का अवसर है। उच्च शिक्षण संस्थानों का दायित्व विद्यार्थियों को शिक्षा देने के साथ उनमें सामाजिक चेतना, नैतिक मूल्यों और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी है।

मेरा युवा भारत, उत्तराखंड के सहायक निदेशक ब्रजेश कौशिक ने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सामाजिक चेतना, नैतिक जिम्मेदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने युवाओं से संविधान के आदर्शों को अपने आचरण में उतारकर विकसित राष्ट्र के निर्माण में योगदान देने की अपील की।

छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. संजय माहेश्वरी ने कहा कि युवा संवाद जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को सामाजिक एवं राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार व्यक्त करने और उनके समाधान में भागीदारी का अवसर प्रदान करते हैं। वहीं राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. विनय थपलियाल ने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका की जानकारी दी।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. पल्लवी एवं डॉ. मीनाक्षी शर्मा ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों हेमंत अग्रवाल, अंशिका, आदर्श, आरव सहगल, प्रिंसी राजपूत तथा युवा आइकॉन अथर खान ने नशामुक्त विकसित भारत विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए।

कार्यक्रम में मेरा युवा भारत के एपीएस धर्म सिंह रावत सहित कॉलेज के शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button