हरिपुर कलां में करीब 30 वर्षों से बंद पड़ी रामलीला की परंपरा दोबारा शुरू होने के बाद लगातार दूसरे वर्ष भी श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुई। श्री रामलीला कमेटी हरिपुर कलां की ओर से 13 से 25 नवंबर तक आयोजित रामलीला के समापन पर भगवान श्रीराम के भव्य राजतिलक का मंचन किया गया। इसके बाद निकाले गए विजय जुलूस में ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीराम के स्वरूपों का स्वागत किया। इस दौरान जय श्रीराम के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।
रामलीला के अंतिम दिन भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन और राजतिलक का मंचन मुख्य आकर्षण रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और भरत के स्वरूपों का पूजन किया। राजतिलक के बाद निकले विजय जुलूस में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और कलाकारों ने भाग लिया। जुलूस मार्ग पर लोगों ने पुष्पवर्षा कर कलाकारों का स्वागत किया।
समापन समारोह के दौरान कमेटी की ओर से लक्की ड्रा भी कराया गया। इसमें रामलीला में भरत का किरदार निभाने वाले सचिन कुमार के नाम स्कूटी निकली। ग्राम प्रधान सविता शर्मा और समाजसेवी गुलशन अदलखा ने सचिन कुमार को स्कूटी की चाबी सौंपकर शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही रामलीला में विभिन्न पात्रों का अभिनय करने वाले कलाकारों को पुरस्कार और उपहार देकर सम्मानित किया गया।
कमेटी अध्यक्ष मनोज शर्मा ने कहा कि करीब 30 वर्षों के अंतराल के बाद वर्ष 2025 में हरिपुर कलां में रामलीला की परंपरा दोबारा शुरू की गई थी। लगातार दूसरे वर्ष आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ है। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक मंचन नहीं, बल्कि नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और संस्कारों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने बताया कि रामलीला में अभिनय करने वाले सभी कलाकारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कमेटी की ओर से एक सप्ताह के भीतर पांच लाख रुपये का बीमा कराया जाएगा। कलाकारों के उत्साहवर्धन के लिए उन्हें पुरस्कार और उपहार भी दिए जाते हैं।
समाजसेवी गुलशन अदलखा ने कहा कि करीब 30 वर्ष बाद हरिपुर कलां में रामलीला की परंपरा का दोबारा शुरू होना क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। इससे बच्चों और युवाओं को भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और भगवान श्रीराम के आदर्शों से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
अंत में अध्यक्ष मनोज शर्मा ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले कलाकारों, कमेटी पदाधिकारियों, अतिथियों और ग्रामीणों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों के सहयोग और उत्साह से ही वर्षों पुरानी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपरा फिर से जीवंत हो सकी है।




