उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदिल्ली एनसीआरदेश-विदेशदेहरादूनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

प्रेमी की सगाई से नाराज पूर्व प्रेमिका ने दी हत्या की सुपारी, तीन गिरफ्तार

पटेलनगर क्षेत्र के बड़ोवाला में बैंककर्मी सत्यम कुमार पर हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, सत्यम की दूसरी युवती से सगाई होने से नाराज उसकी पूर्व प्रेमिका मालिया रहमान ने कथित तौर पर उसकी हत्या की साजिश रची और पांच लाख रुपये में सुपारी दी। मामले में मालिया और उसके साथी मोहित समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार है।

पुलिस के मुताबिक, आठ सितंबर को सत्यम अपनी बहन साक्षी के साथ स्कूटी से बड़ोवाला स्थित घर जा रहा था। जीओ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोककर गोली चला दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मामले में पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को गोरखपुर चौक के पास संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने का प्रयास किया गया तो वे चाय बागान की पगडंडी की ओर भाग गए और पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में कथित शूटर अंकित चौहान के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंकुर फरार हो गया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मालिया और सत्यम के बीच वर्ष 2020 से प्रेम संबंध था। वर्ष 2025 में सत्यम देहरादून आ गया और फरवरी 2026 में उसकी दूसरी युवती से सगाई हो गई। इसके बाद उसने मालिया से बातचीत बंद कर उसे सोशल मीडिया पर ब्लॉक कर दिया। पुलिस का दावा है कि इसी से नाराज होकर मालिया ने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार, मालिया ने अपने साथी मोहित के माध्यम से अंकित चौहान से संपर्क कर पांच लाख रुपये में हत्या का सौदा तय किया और 1.20 लाख रुपये एडवांस दिए। आरोप है कि उसने शूटर को सत्यम की फोटो और उसके बैंक कार्यालय की जानकारी भी उपलब्ध कराई थी।

पुलिस ने मालिया रहमान और मोहित को आईएसबीटी के पास से गिरफ्तार किया है। अंकित के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो खोखे और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर की बाइक बरामद करने का दावा किया गया है। फरार आरोपी अंकुर की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button