श्रद्धालुओं की सुविधा और डिजिटल रेल सेवाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल की ओर से रविवार को आंवला स्टेशन के निकट स्थित प्रसिद्ध मनोना धाम (खाटू श्याम जी) में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान रेलवे की टीम ने हेल्प डेस्क स्थापित कर श्रद्धालुओं को RailOne ऐप की सुविधाओं और डिजिटल टिकट बुकिंग की जानकारी दी।
मनोना धाम में प्रतिदिन करीब पांच हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए रेलवे ने अभियान के दौरान करीब 150 श्रद्धालुओं के मोबाइल में RailOne ऐप डाउनलोड कराया, जबकि लगभग 50 रेल टिकटों की बुकिंग ऐप के माध्यम से कराई गई।
रेलवे अधिकारियों ने मनोना धाम के महंत महाराज श्री औमेंद्र चौहान से भी मुलाकात कर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धाम परिसर में रेलवे हेल्प डेस्क संचालित करने को लेकर चर्चा की। महंत की सहमति के बाद प्रस्तावित हेल्प डेस्क के संचालन के लिए संबंधित स्टाफ को RailOne ऐप से टिकट बुकिंग और अन्य डिजिटल सेवाओं का प्रशिक्षण दिया गया।
श्रद्धालुओं को ऐप के इस्तेमाल के प्रति जागरूक करने के लिए धाम परिसर में रेलवे की ओर से प्रचारात्मक फ्लेक्स और पोस्टर भी लगाए गए। रेलवे का उद्देश्य धाम आने वाले श्रद्धालुओं को डिजिटल टिकटिंग से जोड़कर मोबाइल के माध्यम से सरल और सुविधाजनक रेल टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध कराना है।
अभियान में वाणिज्य निरीक्षक मोहम्मद इमरान सहित रेलवे के अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।




