मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में My Home India की ओर से आयोजित NeST Fest-2026 में प्रतिभाग किया। उन्होंने पूर्वोत्तर राज्यों से आए छात्र-छात्राओं और युवाओं का उत्तराखंड की ओर से स्वागत करते हुए कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत के निर्माण की सबसे बड़ी परिवर्तनकारी शक्ति है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि NeST Fest केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराओं और देश की एकता-अखंडता का प्रतीक है। पूर्वोत्तर और उत्तराखंड के पहाड़ी परिवेश तथा भौगोलिक परिस्थितियों में कई समानताएं हैं। ऐसे आयोजन दोनों क्षेत्रों के बीच आत्मीयता को और मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर भारत देश की भावनात्मक एकता का सेतु बन चुका है। My Home India द्वारा पूर्वोत्तर के युवाओं को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने का प्रयास राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत कर रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ा रहा है।
धामी ने कहा कि पूर्वोत्तर भारत देश की विविधता और सुंदरता का महत्वपूर्ण हिस्सा है और सामरिक दृष्टि से भी इसकी अहम भूमिका है। मैरी कॉम, मीराबाई चानू, लवलीना बोरगोहेन, बाइचुंग भूटिया और भारत रत्न भूपेन हजारिका जैसी प्रतिभाओं ने देश का नाम रोशन किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद पूर्वोत्तर में सड़क, पुल, सुरंग, जलमार्ग, गैस ग्रिड, मोबाइल कनेक्टिविटी और ऑप्टिकल फाइबर समेत विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से विकास हुआ है। ‘एक्ट ईस्ट’ और ‘फास्ट ईस्ट’ की दिशा में उठाए गए कदमों से क्षेत्र में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर तैयार हुए हैं।
उन्होंने कहा कि इन विकास प्रयासों के केंद्र में पूर्वोत्तर का युवा है। डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, मेक इन इंडिया और फिट इंडिया जैसी पहल युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर प्रदान कर रही हैं। शिक्षा, कौशल और खेल के क्षेत्र में भी पूर्वोत्तर में नए संस्थानों और परियोजनाओं के माध्यम से अवसर बढ़े हैं।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड में वर्ष 2025 में आयोजित राष्ट्रीय खेलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें देशभर के 10 हजार से अधिक खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया था। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेलों की मशाल पूर्वोत्तर भेजी गई है और वहां होने वाले राष्ट्रीय खेल खिलाड़ियों के लिए नए अवसर लेकर आएंगे।
पूर्वोत्तर से उत्तराखंड में शिक्षा प्राप्त करने आए युवाओं का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “देवभूमि उत्तराखंड आपका अपना घर है।” उन्होंने कहा कि प्रदेश में रह रहे पूर्वोत्तर के युवाओं की सुरक्षा, सम्मान और प्रगति राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने युवाओं से खूब पढ़ने, खेलने, बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए पूरी मेहनत करने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने युवाओं से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। शिक्षक दिवस के अवसर पर उन्होंने देशभर के शिक्षकों को शुभकामनाएं भी दीं।




