प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया से अधिसूचित अखिल भारतीय समाचारपत्र एसोसिएशन की उत्तराखंड इकाई का प्रांतीय अधिवेशन, वरिष्ठ संपादक सम्मान समारोह एवं ‘वर्तमान दौर में समाचार पत्रों की भूमिका’ विषय पर एक दिवसीय गोष्ठी रविवार को प्रेस क्लब सभागार, देवपुरा में आयोजित हुई। कार्यक्रम में प्रदेशभर से पहुंचे साप्ताहिक, पाक्षिक और मासिक समाचार पत्रों के संपादकों ने भाग लिया।
समारोह की अध्यक्षता मिश्री मठ के महामंडलेश्वर करौली शंकर महाराज ने की। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के दौर में भी प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता कायम है। सोशल मीडिया पर अफवाहों का दौर चल सकता है, लेकिन लोग अखबार में प्रकाशित खबर को अधिक भरोसे के साथ देखते हैं। उन्होंने कहा कि अखबार समाज का आईना है और पत्रकारिता भी योग व तपस्या के समान है। सत्य को बिना लाग-लपेट के समाज के सामने रखना पत्रकार की सबसे बड़ी साधना है।
मुख्य अतिथि हरिद्वार विधायक एवं प्रदेश सरकार में आयुष और आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि पत्रकारिता आज चुनौतीपूर्ण पेशा बन चुकी है। पत्रकार जोखिम उठाकर समाज के सामने सच्चाई लाते हैं। खोजपूर्ण खबरों को लेकर पत्रकारों पर दबाव, मुकदमे और धमकियां भी आती हैं, इसके बावजूद पत्रकारिता का दायित्व निभाना लोकतंत्र के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार पत्रकारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और हरिद्वार प्रेस क्लब के नए भवन की मांग को जल्द पूरा किया जाएगा।
महानिदेशक सूचना एवं लोक संपर्क बंशीधर तिवारी ने कहा कि समय तेजी से बदल रहा है, लेकिन लोगों में अखबार पढ़ने की आदत आज भी कायम है। सोशल मीडिया पर खबरें देखने और साझा करने के बावजूद लोग अगली सुबह अखबार का इंतजार करते हैं। उन्होंने कहा कि इससे प्रिंट मीडिया की विश्वसनीयता का पता चलता है। सूचना विभाग छोटे समाचार पत्रों के हितों की रक्षा के लिए लगातार कार्य कर रहा है।
उत्तराखंड राज्य अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण के अध्यक्ष सरदार सुरजीत सिंह गांधी ने कहा कि समाचारों का स्वरूप बदला है और पाठकों की पसंद भी बदली है, लेकिन दूरदराज के क्षेत्रों की समस्याओं को सामने लाने और सरकार तक पहुंचाने में समाचार पत्रों की महत्वपूर्ण भूमिका आज भी बनी हुई है। उन्होंने सर्वधर्म समभाव पर जोर दिया।
श्री गंगा सभा अध्यक्ष एवं ग्रामीण स्वास्थ्य सलाहकार अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष नितिन गौतम ने कहा कि हरिद्वार और मां गंगा को देश-दुनिया में पहचान दिलाने में पत्रकारों और समाचार पत्रों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। कुंभ, अर्धकुंभ, कांवड़, सावन और अन्य धार्मिक आयोजनों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका है। उन्होंने पत्रकारों को गंगा सभा की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अमित कुमार शर्मा ने कहा कि छोटे समाचार पत्र लोकतंत्र की रीढ़ हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री पत्रकार कल्याण कोष के लिए महानिदेशक सूचना का आभार जताते हुए पत्रकार पेंशन, अधिमान्यता और विज्ञापन नीति में सुधार की मांग रखी।
21 वरिष्ठ संपादक सम्मानित
समारोह में पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए 21 वरिष्ठ संपादकों को लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड देकर सम्मानित किया गया। इनमें ब्रजेंद्र हर्ष, गुलशन नैय्यर, रामचंद्र कनौजिया, शैलेंद्र सिंह, राधेश्याम विद्याकुल, कुमकुम शर्मा, निशा शर्मा, काशीराम सैनी, अवधेश शिवपुरी, डॉ. प्रदीप जोशी, शिव कुमार शर्मा, श्रवण अरोड़ा, जयपाल सिंह, राजीव तुम्बड़िया, नरेश दीवान शैली, ओम गौतम फक्कड़, राजेश शर्मा, अविक्षित रमन, प्रवीण झा और दया जोशी शामिल रहे।
कार्यक्रम में अतिथियों को अभिनंदन-पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट किए गए। एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय मिश्रा ने संगठन की गतिविधियों की जानकारी दी। प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी ने अतिथियों का स्वागत किया। संचालन संयोजक ललितेंद्र नाथ और बालकृष्ण शास्त्री ने संयुक्त रूप से किया। प्रदेश महामंत्री राजकमल गोयल ने आभार व्यक्त किया।




