कोटा से देहरादून आ रही नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन को रास्ते में लूटने का प्रयास किया गया, लेकिन रेलवे कर्मचारियों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, देवबंद से ट्रेन रवाना होने के बाद स्टेशन मास्टर ने लोको पायलट को सूचना दी कि कुछ संदिग्ध लोग कोचों के बीच चढ़ गए हैं। बताया गया कि करीब 10 हथियारबंद बदमाश ट्रेन को जंगल क्षेत्र में रोकने की कोशिश कर रहे थे।
हालांकि बदमाश न तो ट्रेन को रोक पाए और न ही अंदर प्रवेश कर सके। नए कोच सिस्टम में वैक्यूम रिलीज की सुविधा न होने और सभी दरवाजे लॉक होने के कारण उनकी योजना विफल हो गई। भनक लगते ही आरोपी ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरपीएफ को जांच के निर्देश दिए हैं। कोच अटेंडेंट के बयान दर्ज कर बदमाशों के स्केच तैयार किए गए हैं और उनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
रेलवे अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस घटना की उच्च स्तरीय जांच की जा रही है।




