देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन तीन दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर रहेंगे। इस दौरे के दौरान पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को धार देने के लिए सभी 70 सीटों पर संभावित जीत के दावेदारों पर विस्तृत मंथन करेगी।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह दौरा चुनावी रणनीति के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है। इसमें यह तय किया जाएगा कि किन मौजूदा विधायकों को दोबारा मौका दिया जाए और किन सीटों पर नए चेहरों को उतारा जाए। साथ ही अन्य दलों के मजबूत नेताओं को भाजपा में शामिल कर टिकट देने की संभावनाओं पर भी विचार किया जाएगा।
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री, पूर्व मुख्यमंत्री, सांसद और कोर कमेटी के सदस्य मौजूद रहेंगे। प्रदेश मुख्यालय में बैठकों का दौर चलेगा, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, विधायकों के प्रदर्शन और क्षेत्रवार मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने बताया कि इस दौरान मंडल से लेकर प्रदेश स्तर तक की बैठकों के जरिए जमीनी स्थिति का आकलन किया जाएगा और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए ठोस रणनीति तैयार की जाएगी।
राजनीतिक दृष्टि से यह दौरा भाजपा की चुनावी तैयारियों को मजबूत करने और संगठन को एकजुट करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




