उत्तराखंडगढ़वाल मण्डलहरिद्वार

महामंडलेश्वर पद छोड़ने के बाद करौली शंकर ने तोड़ी चुप्पी, अखाड़े के पदाधिकारियों पर लगाए गंभीर आरोप; मानहानि का मुकदमा करने की चेतावनी

हरिद्वार। श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण के महामंडलेश्वर पद से इस्तीफा देने के बाद करौली शंकर सरकार ने पहली बार वीडियो जारी कर पूरे विवाद पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने अखाड़े के पदाधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने 21 नवंबर को हरिद्वार के मिश्री मठ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्वयं महामंडलेश्वर पद से इस्तीफा दिया था। ऐसे में 26 नवंबर को अखाड़े की ओर से उन्हें निष्कासित किए जाने का दावा पूरी तरह निराधार और भ्रामक है।

करौली शंकर सरकार ने अपने बयान में अखाड़े की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अखाड़े और छावनी स्थित मंदिरों में नियमित पूजा-पाठ, ध्यान और साधना जैसी धार्मिक गतिविधियां बंद पड़ी थीं। कई मंदिरों में ताले लगे रहते थे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ पदाधिकारियों ने पंचायती अखाड़े को अपनी निजी जागीर बना लिया है और वहां मनमाने तरीके से फैसले लिए जा रहे हैं। उनके मुताबिक, इसी कार्यप्रणाली के चलते पंजाब के सैकड़ों संतों और डेरों के अखाड़े में प्रवेश पर भी रोक लगा दी गई है।

अखाड़े के पदाधिकारी जगतार मुनि पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह स्वयं महामंडलेश्वर बनने के लिए अखाड़े में नहीं गए थे, बल्कि जगतार मुनि ने कई बार आग्रह करके उन्हें आमंत्रित किया था। उन्होंने प्रयागराज स्थित अखाड़े में सनातन वैदिक परंपराओं के विपरीत ‘आलमगीर पीर’ की पूजा किए जाने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि इस विषय पर विरोध जताने के बाद विवाद बढ़ा। इसके अलावा उन्होंने हरिद्वार में दरबार की दंडवत यात्रा और गंगा सेवा के दौरान अपने शिष्यों के साथ अभद्रता किए जाने तथा मंदिर में माता महाकाली की तस्वीर रखे जाने को लेकर अनावश्यक विवाद खड़ा करने का भी आरोप लगाया।

वित्तीय मामलों को लेकर करौली शंकर सरकार ने दावा किया कि उन्होंने अखाड़े के विकास, कमरों के निर्माण और रसोई की व्यवस्था सहित विभिन्न कार्यों पर लाखों-करोड़ों रुपये खर्च किए। वहीं, उन्होंने वर्तमान पदाधिकारियों पर बिल्डर समझौते के माध्यम से अखाड़े की जमीन पर फ्लैट बनवाने का आरोप लगाया। अखाड़े की ओर से उनके दरबार पर झाड़-फूंक और टोना-टोटका करने संबंधी लगाए गए आरोपों को भी उन्होंने खारिज किया। उनका कहना है कि उनका दरबार स्वयं अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के विरोध में काम करता है।

वीडियो के अंत में करौली शंकर सरकार ने स्पष्ट चेतावनी दी कि उनकी छवि खराब करने और उनके खिलाफ कथित रूप से झूठे आरोप लगाने वाले अखाड़े के संबंधित पदाधिकारियों के विरुद्ध वह जल्द ही मानहानि का मुकदमा दायर करेंगे। उनके इस बयान के बाद महामंडलेश्वर पद से इस्तीफे को लेकर अखाड़े और करौली शंकर सरकार के बीच चल रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। अब इस पूरे मामले में अखाड़े के पदाधिकारियों की प्रतिक्रिया और उनका पक्ष भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button