बाल दिवस एवं देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 137वीं जयंती के अवसर पर जवाहरलाल नेहरू राष्ट्रीय युवा केंद्र की ओर से 18वीं वार्षिक अंतर-विद्यालय चित्रकला प्रतियोगिता एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। प्रतियोगिता में हरिद्वार शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के करीब 50 विद्यालयों के 500 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी रचनात्मकता और कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। प्रतियोगिता को चार आयु वर्गों में विभाजित किया गया था। कक्षा एक से तीन तक के विद्यार्थियों के लिए गुलाब का फूल, कक्षा चार से छह तक के लिए चाचा नेहरू एवं बाल दिवस, कक्षा सात से नौ तक के लिए बच्चों के सपनों का भारत और कक्षा 10 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के अवसर एवं चुनौतियां विषय निर्धारित किया गया था।
प्रतियोगिता के परिणामों में प्रथम समूह में मॉडर्न पब्लिक स्कूल के शिवांश शर्मा ने प्रथम, डीएवी स्कूल जगजीतपुर की कनिष्का चुघ ने द्वितीय और श्री चैतन्य टेक्नो स्कूल के अक्षत चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। दूसरे समूह में डीएवी स्कूल की प्रियम्वदा भारद्वाज प्रथम, डीपीएस रानीपुर की शान्वी द्वितीय और शिवडेल स्कूल के सुमित सिंह तृतीय रहे। तीसरे समूह में डीपीएस रानीपुर के रिदम दास ने प्रथम, शिवडेल स्कूल के तन्मय शेखर ने द्वितीय और डीएवी स्कूल जगजीतपुर की मन्नत जयसिंह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चौथे समूह में सेंट मैरी सीनियर सेकेंडरी स्कूल ज्वालापुर की राघवी अग्रवाल प्रथम, डीपीएस रानीपुर की आद्या अरोड़ा द्वितीय और शिवडेल स्कूल की रिया कश्यप तृतीय रहीं। प्रत्येक वर्ग में सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण आकांक्षा स्कूल के 15 विशेष बच्चों की सहभागिता रही। इन बच्चों ने भी अपनी कल्पनाशक्ति के अनुरूप सुंदर चित्र बनाकर प्रतिभा का प्रदर्शन किया। संस्था की ओर से सभी को पदक देकर सम्मानित किया गया।
पुरस्कार वितरण समारोह में ट्रैफिक इंस्पेक्टर संदीप कुमार नेगी, संस्था अध्यक्ष पदम प्रकाश शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष ओम प्रकाश चौहान, सचिव सुखबीर सिंह और कोषाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने विजेता विद्यार्थियों को ट्रॉफी प्रदान की। इस दौरान ट्रैफिक इंस्पेक्टर संदीप कुमार नेगी ने बच्चों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नियमों का पालन करने के साथ परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील की।
संस्था अध्यक्ष पदम प्रकाश शर्मा ने पंडित जवाहरलाल नेहरू के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। शिक्षा, संस्कार और रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने कहा कि चित्रकला जैसी प्रतियोगिताएं बच्चों में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और रचनात्मक क्षमता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में पीके श्रीवास्तव, अंजू द्विवेदी, नीलम और प्रविता पांडेय शामिल रहे। आयोजन को सफल बनाने में एनआईएमटी हरिद्वार के कंप्यूटर साक्षरता केंद्र में नर्सरी टीचर ट्रेनिंग का प्रशिक्षण ले रहीं छात्राओं, शिक्षकों और स्वयंसेवकों ने सहयोग किया।
कार्यकारी अध्यक्ष ओम प्रकाश चौहान ने अतिथियों, निर्णायकों, विद्यालय प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संस्था भविष्य में इस प्रतियोगिता को और व्यापक स्तर पर आयोजित कर अधिक से अधिक विद्यालयों और विद्यार्थियों को जोड़ने का प्रयास करेगी।




