उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदिल्ली एनसीआरदेश-विदेशदेहरादूनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

एक माह तक होंगे सेवा, सुशासन, स्वच्छता, स्वास्थ्य और जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रम

जनपद हरिद्वार में 17 सितंबर से 18 अक्टूबर तक “सेवा संकल्प अभियान” चलाया जाएगा। मुख्य सचिव, उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में आयोजित होने वाले इस अभियान का उद्देश्य विकसित भारत-2047 के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना और जनसहभागिता के माध्यम से सेवा एवं सुशासन की भावना को मजबूत करना है।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अभियान के सफल संचालन के लिए मुख्य विकास अधिकारी, हरिद्वार को जनपद स्तरीय नोडल अधिकारी नामित किया है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित कार्यक्रमों का प्रभावी ढंग से आयोजन करने के निर्देश दिए हैं।

अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम से होगी। इसके तहत अमृत सरोवरों, जन औषधि केंद्रों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्वलित कर सामाजिक सहभागिता का संदेश दिया जाएगा। 17 सितंबर से आठ अक्टूबर तक विद्यालयों और महाविद्यालयों में “मेरा सपनों का भारत” विषय पर निबंध, चित्रकला, भाषण और पोस्टर प्रतियोगिताएं होंगी। विकसित भारत-2047 तथा केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी।

अभियान के तहत शैक्षणिक संस्थानों और ग्राम पंचायतों में नुक्कड़ नाटक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। “आंगन मिलन सेवा” कार्यक्रम में आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं द्वारा अभिभावकों को पोषण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण और बाल विकास की जानकारी दी जाएगी।

“सेवा की कहानी” कार्यक्रम के माध्यम से सरकारी योजनाओं से लाभान्वित नागरिकों की प्रेरक कहानियां, भाषण, चित्रकला और एनीमेटेड वीडियो के जरिए साझा की जाएंगी। वहीं “सेवा ज्योति कलश यात्रा” के माध्यम से विकसित भारत-2047 के संकल्प का संदेश प्रमुख स्थानों तक पहुंचाया जाएगा।

“सेवा मेरा योगदान” कार्यक्रम के तहत नागरिकों को स्वच्छता, वृक्षारोपण, शिक्षण, रक्तदान और अन्य समाजोपयोगी गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रेरित किया जाएगा। “सेवा सेतु अभियान” के अंतर्गत तहसील और विकासखंड स्तर पर स्वास्थ्य, बहुउद्देशीय एवं विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित लाभार्थी शिविर लगाए जाएंगे।

“सेवा के रंग, राष्ट्र के संग” कार्यक्रम के तहत रंगोली के माध्यम से विकसित भारत-2047, स्वच्छता, महिला सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याणकारी योजनाओं का संदेश दिया जाएगा। सुशासन सेवा संवाद में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ योजनाओं तथा उनके क्रियान्वयन को लेकर संवाद होगा।

दो अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर स्वदेशी और खादी अपनाने का संकल्प दिलाया जाएगा। वोकल फॉर लोकल के तहत स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यक्रम होंगे। फिट इंडिया मूवमेंट के तहत विद्यालयों और महाविद्यालयों में खेल प्रतियोगिताएं, योग, दौड़, भाषण और निबंध प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

जिलाधिकारी ने सभी नामित नोडल अधिकारियों को कार्यक्रमों की प्रतिदिन रिपोर्ट, फोटो और वीडियो जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जनपदवासियों से अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी कर विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में योगदान देने की अपील की है।विभागों को सौंपी जिम्मेदारी, रोजाना देनी होगी कार्यक्रमों की रिपोर्ट

हरिद्वार में आयोजित होने वाले “सेवा संकल्प अभियान” में सूचना एवं लोक संपर्क, पर्यटन, धर्मस्व, पंचायती राज, शिक्षा, उच्च शिक्षा, ग्राम्य विकास, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, नगर निकाय समेत विभिन्न विभाग सक्रिय भूमिका निभाएंगे। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्यक्रमों का सफल आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

अभियान के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की प्रतिदिन रिपोर्ट के साथ फोटो और वीडियो भी जिला प्रशासन को उपलब्ध कराने होंगे। तहसील और विकासखंड स्तर पर स्वास्थ्य एवं बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर रहेगा। अभियान के जरिए सेवा, सुशासन, स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और जनजागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button