कुंभ मेला-2027 की तैयारियों के तहत उत्तर हरकी पैड़ी क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का सोमवार को अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती ने स्थलीय निरीक्षण किया। पंतद्वीप क्षेत्र में यूआईआईडीबी के माध्यम से यूपीडीसीसी द्वारा कराए जा रहे सड़क, घाट, टॉयलेट ब्लॉक और समतलीकरण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए उन्होंने गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया।
सड़क निर्माण की गुणवत्ता जांचने के लिए अपर मेलाधिकारी ने मौके पर सड़क की बिछाई गई सतह की खुदाई कराकर उसकी परत और इस्तेमाल की गई सामग्री की जांच कराई। प्रथम दृष्टया जीएसबी में मिट्टी की मात्रा अधिक पाए जाने पर उन्होंने तृतीय पक्ष निरीक्षण (टीपीआई) एजेंसी को निर्धारित मानकों के अनुसार गंभीरता से जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि जांच में लापरवाही मिलने पर संबंधित टीपीआई एजेंसी के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
अपर मेलाधिकारी ने यूपीडीसीसी के अधिकारियों को सड़क निर्माण में निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप सामग्री का इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
टॉयलेट ब्लॉक के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने और निर्माण की जद में आ रही पाइपलाइन को आवश्यकतानुसार शिफ्ट करने के निर्देश दिए। घाटों के मरम्मत एवं पुनरोद्धार कार्यों में टाइल्स को सही तरीके से लगाने और रेलिंग को मजबूती के साथ स्थापित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेले के दौरान उत्तर हरकी पैड़ी क्षेत्र में महत्वपूर्ण शिविरों और विभिन्न गतिविधियों का संचालन होता है। ऐसे में सभी विकास कार्य समय से पूरे किए जाना जरूरी है। निर्माण में अनावश्यक देरी या गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को अवगत कराया जाएगा।
यूआईआईडीबी के माध्यम से संचालित उत्तर हरकी पैड़ी विकास परियोजना में घाटों का पुनरोद्धार, भीड़ प्रबंधन क्षेत्र, वेंडिंग जोन, वॉकवे, सीवेज एवं ड्रेनेज सिस्टम, विद्युत कार्य और श्रद्धालुओं के लिए जनसुविधाओं का विकास प्रस्तावित है। परियोजना में पंतद्वीप, चमगादड़ टापू सहित आसपास के घाट भी शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट, अधिशासी अभियंता आशुतोष कुमार, विशेषज्ञ समन्वयक गंगा प्रसाद पंत, यूपीडीसीसी के परियोजना प्रबंधक आशीष भट्ट समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे




