उत्तर प्रदेशउत्तराखंडगढ़वाल मण्डलदेश-विदेशदेहरादूनपर्यटनरुड़कीवीडियोशिक्षासामाजिकहरिद्वार

राष्ट्रीय ग्रेपलिंग कुश्ती प्रतियोगिता में हरियाणा का दबदबा, 22 स्वर्ण समेत 65 पदक

रोशनाबाद स्थित वंदना कटारिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में 20 से 23 अगस्त तक आयोजित राष्ट्रीय ग्रेपलिंग कुश्ती प्रतियोगिता में देशभर की 22 टीमों के करीब 1260 महिला, पुरुष, बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता के पहले दिन खिलाड़ियों का वजन, मेडिकल परीक्षण और पंजीकरण तकनीकी अधिकारियों की देखरेख में पूरा कराया गया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन पंजाब सरकार के संयुक्त सचिव (यूथ) एवं आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव योगेश सैली, ग्रेपलिंग कमेटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन दिनेश कपूर, महासचिव ब्रजनंदन शर्मा, कोषाध्यक्ष विनोद शर्मा तथा नॉर्थ इंडिया ग्रेपलिंग कमेटी के अध्यक्ष शुभम निर्वाल ने खिलाड़ियों से मैट पर हाथ मिलाकर किया।

प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबलों में हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात और राजस्थान के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। दूसरे दिन दोपहर एक बजे तक तकनीकी अधिकारियों की रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा 22 स्वर्ण, 32 रजत और 11 कांस्य समेत कुल 65 पदकों के साथ पदक तालिका में पहले स्थान पर रहा। राजस्थान और गुजरात के खिलाड़ी दूसरे व तीसरे स्थान के लिए जोर आजमाइश कर रहे हैं।

77 किलोग्राम पुरुष सीनियर वर्ग में हरियाणा के पवन ने स्वर्ण, गुजरात के खान आदिल ने रजत और गुजरात के लोकेश ने कांस्य पदक जीता। महिलाओं के 58 किलोग्राम एनओजीआई वर्ग में हरियाणा की वर्षा ने स्वर्ण, राजस्थान की हेमा कुमारी ने रजत और उत्तर प्रदेश की नम्रता यादव ने कांस्य पदक हासिल किया। पुरुष जूनियर के 98 किलोग्राम भारवर्ग में हरियाणा के देव कुमार ने स्वर्ण, महाराष्ट्र के पुष्कर शालुंके ने रजत और गुजरात के रुद्र बारोट ने कांस्य पदक अपने नाम किया।

मेडल सेरेमनी में ग्रेपलिंग कमेटी ऑफ इंडिया के चेयरमैन दिनेश कपूर, महासचिव ब्रजनंदन शर्मा, कोषाध्यक्ष विनोद शर्मा सहित विभिन्न राज्यों के अध्यक्ष और महासचिव मौजूद रहे। प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले जारी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button