उत्तर प्रदेशउत्तराखंडदेश-विदेशदेहरादूनपर्यटनयूथरुड़कीशिक्षासामाजिकहरिद्वार

महिला रेलकर्मियों ने साझा किए काम और परिवार के बीच संतुलन के अनुभव

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल कार्यालय स्थित ‘मनन’ सभागार में गुरुवार को महिला सशक्तिकरण पर विशेष सेमिनार आयोजित किया गया। सेमिनार का मुख्य विषय रेल सेवा की जिम्मेदारियों और पारिवारिक दायित्वों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने की।

सेमिनार में मंडल के विभिन्न विभागों से नामित महिला रेलकर्मियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने कार्यक्षेत्र और दैनिक जीवन के अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार वे रेल सेवा की जिम्मेदारियों के साथ पारिवारिक दायित्वों का निर्वहन कर रही हैं। इस दौरान समय प्रबंधन, आपसी सहयोग और कार्यस्थल एवं परिवार के बीच संतुलन जैसे विषयों पर विचार-विमर्श हुआ।

कार्यक्रम में एडीएम/एफआर ममता मालवीय, एनजीओ ‘सृजन भारती’ की डॉ. माधुरी सिंह तथा क्षेत्रीय रेल प्रशिक्षण संस्थान (जेडआरटीआई), चंदौसी की प्रधानाचार्य अंजू सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।

मंडल रेल प्रबंधक विनीता श्रीवास्तव ने महिला रेलकर्मियों के समर्पण और कार्यकुशलता की सराहना करते हुए कहा कि महिला कर्मचारी रेल संचालन और यात्री सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। कार्यस्थल की जिम्मेदारियों के साथ परिवार की जिम्मेदारियां निभाना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन महिलाएं समर्पण और संवेदनशीलता के साथ इसका सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसे संवाद कार्यक्रम महिला रेलकर्मियों को अपने अनुभव साझा करने और एक-दूसरे से सीखने का अवसर देते हैं। रेलवे का प्रयास है कि सभी कर्मचारियों को सकारात्मक, सहयोगपूर्ण और सम्मानजनक कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

विशिष्ट अतिथियों ने महिला सशक्तिकरण, मानसिक स्वास्थ्य, कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण तथा व्यक्तिगत और व्यावसायिक विकास के महत्व पर विचार रखे। सेमिनार के अंत में उत्कृष्ट विचार और अनुभव साझा करने वाली प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button