रोटरी क्लब कनखल की ओर से रानीपुर मोड़ स्थित होटल ली ग्रैंड में तीज महोत्सव हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में हिस्सा लिया। तीज गीतों, लोकनृत्य, मेहंदी, झूले और विभिन्न खेलों ने कार्यक्रम में रंग भर दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता गौरी गर्ग ने की, जबकि सह-अध्यक्ष राधिका अग्रवाल रहीं। इस अवसर पर भावना वासुदेव को तीज क्वीन चुना गया। उन्हें तालियों की गड़गड़ाहट के बीच सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम अध्यक्ष गौरी गर्ग ने कहा कि तीज हमारी संस्कृति और परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य महिलाओं को एक मंच प्रदान करने के साथ सामाजिक सौहार्द और आपसी एकता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि सुहागिन महिलाएं पति की दीर्घायु, अच्छे स्वास्थ्य और सुखी वैवाहिक जीवन की कामना के लिए तीज का व्रत रखती हैं।
वरिष्ठ रोटेरियन नरेश रानी गर्ग ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी तीज महोत्सव में महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने का कार्य करते हैं।
सह-अध्यक्ष राधिका अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं ने मेहंदी, झूले, गीत और खेलों के माध्यम से तीज पर्व की परंपराओं को जीवंत किया। रोटरी क्लब कनखल भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।
कार्यक्रम में सरिता अग्रवाल, ममता अरोड़ा, अनूपा सुबुद्धि, शीलू भाटिया, सौम्या गर्ग, विनीशा गर्ग, सिमरनजीत कौर, नीतू, रिचा, अर्चना, हर्षिता सहित बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं। रंग-बिरंगे परिधान, मेहंदी, झूले और लोकगीतों से सजा समारोह सभी के लिए यादगार बन गया।




