उत्तराखंडकुमाऊँ मण्डलगढ़वाल मण्डलहरिद्वार

कांवड़ मेला संपन्न: अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्री महंत डॉ. रवींद्र पुरी ने की हरिद्वार को स्वच्छ बनाने की अपील, समाज से सहयोग मांगा

हरिद्वार। प्रसिद्ध कांवड़ मेले के सकुशल संपन्न होने के बाद धर्मनगरी हरिद्वार को पुनः स्वच्छ, सुंदर और निर्मल बनाने के लिए अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्री महंत डॉ. रवींद्र पुरी महाराज ने एक विशेष अपील जारी की है। उन्होंने हरिद्वार के सभी सामाजिक, धार्मिक और शैक्षणिक संस्थानों से एकजुट होकर स्वच्छता अभियान में योगदान देने का आह्वान किया है।

श्री महंत डॉ. रवींद्र पुरी ने कहा कि कांवड़ मेला हम सभी के सहयोग से सफलतापूर्वक पूरा हुआ है, लेकिन इसके विशाल स्वरूप के कारण वर्तमान में गंगा तटों, प्रमुख घाटों, मुख्य मार्गों और बस्तियों के आसपास भारी मात्रा में कचरा जमा हो गया है। उन्होंने कहा कि यद्यपि नगर निगम और स्थानीय प्रशासन दिन-रात सफाई अभियान में जुटा हुआ है, परंतु इतने बड़े पैमाने पर स्वच्छता का कार्य केवल सरकारी तंत्र के भरोसे पूरा नहीं किया जा सकता।

उन्होंने जोर देकर कहा, “हरिद्वार हम सभी का साझा घर है और इस पावन नगरी की पवित्रता, सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इस समय तीर्थ नगरी को हमारे सहयोग और समर्पण की अत्यंत आवश्यकता है।”

अखाड़ा परिषद अध्यक्ष ने सभी अखाड़ों, श्री मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों व सेवकों, एस.एम.जे.एन. पीजी कॉलेज के शिक्षकों, कर्मचारियों व छात्र-छात्राओं सहित हरिद्वार की समस्त धार्मिक व सामाजिक संस्थाओं, व्यापारिक मंडलों और आम नागरिकों से आगे आकर इस अभियान में हाथ बंटाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जब समाज का हर व्यक्ति अपने इस पावन कर्तव्य को समझेगा, तभी तीर्थ नगरी का वास्तविक और भव्य स्वरूप खिल उठेगा। अंत में उन्होंने “स्वच्छ हरिद्वार – सुंदर हरिद्वार – पावन हरिद्वार” का संदेश देते हुए सभी से माँ गंगा के तटों को निर्मल बनाने में अपना योगदान देने का आग्रह किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button