कांवड़ मेला-2026 के दौरान हरिद्वार रेलवे स्टेशन पर बढ़ती कांवड़ियों और यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (RPF/RPSF) और जीआरपी ने सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की है। स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए सुरक्षा बलों की संयुक्त टीमें 24 घंटे मुस्तैद हैं।
प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर मिनी कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जहां से स्टेशन परिसर में भीड़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यहां से वरिष्ठ अधिकारियों को पल-पल की जानकारी दी जा रही है, ताकि भीड़ बढ़ने की स्थिति में तत्काल आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
स्टेशन पर यात्रियों और कांवड़ियों के लिए कतार व्यवस्था लागू की गई है। दिव्यांग और असहाय यात्रियों को प्राथमिकता के आधार पर सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। किसी यात्री के अस्वस्थ होने पर तत्काल प्राथमिक उपचार के साथ जरूरत पड़ने पर 108 एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की गई है।
यात्रियों की सुविधा के लिए स्टेशन पर लगातार पेयजल वितरण कराया जा रहा है। फुट ओवर ब्रिज को खाली और सुचारू रखने के साथ रेलवे फाटकों पर भी कांवड़ियों के सुरक्षित एवं व्यवस्थित आवागमन की व्यवस्था की गई है।
अधिकारियों के अनुसार पूरे मेला क्षेत्र में RPF/RPSF और GRP की टीमें आपसी समन्वय से ड्यूटी कर रही हैं। भीड़ प्रबंधन, यात्री सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर सुरक्षा बल लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।




