श्रावण मास के प्रथम सोमवार को उत्तरी हरिद्वार स्थित श्री तुलसी मानस मंदिर में भगवान शिव का विशेष रुद्राभिषेक एवं जलाभिषेक किया गया। मंदिर अध्यक्ष स्वामी कामेश्वर पुरी महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का दुग्ध, गंगाजल, पंचामृत, बेलपत्र, धतूरा आदि से विधि-विधानपूर्वक अभिषेक कर विश्व शांति, मानव कल्याण और देश की सुख-समृद्धि की कामना की।
स्वामी कामेश्वर पुरी महाराज ने कहा कि श्रावण मास भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। श्रद्धा और भक्ति के साथ शिव उपासना करने से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। वर्तमान समय में पूरे विश्व को शांति, सद्भाव और भाईचारे की आवश्यकता है। उन्होंने श्रद्धालुओं से श्रावण मास में भगवान शिव की आराधना के साथ सेवा, सत्संग और जनकल्याण के कार्यों में भाग लेने का आह्वान किया।
पूजा के दौरान मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। भक्तों ने ‘हर हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयघोष के साथ भगवान शिव के दर्शन किए। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। दिनभर मंदिर में शिवभक्तों का आवागमन बना रहा और श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि के साथ विश्व मंगल की प्रार्थना की।




