स्थानीय नुमाइश मैदान के मुख्य द्वार के बाहर श्री बाबा बर्फानी सेवा संघ ट्रस्ट द्वारा संचालित 12वें विशाल कांवड़ सेवा शिविर में हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्तों का आगमन लगातार जारी है। शिक्षक कॉलोनी एवं जाट कॉलोनी के निवासियों के सहयोग से संचालित इस सेवा शिविर में कांवड़ियों के लिए भोजन, चाय-नाश्ता, स्वच्छ पेयजल, स्नान, स्वास्थ्य परामर्श और प्राथमिक उपचार सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शिविर का निरीक्षण सिटी मजिस्ट्रेट पंकज सिंह राठौर तथा एएसपी/सीओ सिटी सिद्धार्थ कुमार मिश्रा ने किया। अधिकारियों ने भोजन, स्वच्छता, पेयजल और चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सेवा कार्यों की सराहना की। इस दौरान मुख्य सेवादार सुबोध तोमर सहित ट्रस्ट के पदाधिकारी मौजूद रहे।
ट्रस्ट के अध्यक्ष पवन कुमार, सचिव नीरज चौधरी, कोषाध्यक्ष सुआयु तोमर और प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने बताया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक शिवभक्त को निशुल्क भोजन, चिकित्सा सुविधा और आवश्यक सेवाएं निरंतर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
शिविर के संचालन में संरक्षक प्रवीण शर्मा सहित ट्रस्ट के अनेक पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक दिन-रात सेवा कार्यों में जुटे हुए हैं। आयोजकों ने बताया कि कांवड़ यात्रा समाप्त होने तक शिविर निरंतर संचालित रहेगा।




