आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड भाजपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बुधवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में प्रदेश कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित होगी। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट सहित प्रदेश के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे। इसमें राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी.एल. संतोष भी मौजूद रहेंगे। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, पार्टी के चल रहे अभियानों की समीक्षा तथा भविष्य के कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा होने की संभावना है।
बताया जा रहा है कि पिछले चुनाव में जिन विधानसभा सीटों पर भाजपा को हार का सामना करना पड़ा था, वहां संगठन को मजबूत करने और चुनावी रणनीति को धार देने पर भी विशेष मंथन होगा। पार्टी का लक्ष्य समय रहते चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप देना और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय करना है।




