अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत हर्रावाला रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य पूरा हो गया है। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित स्टेशन का लोकार्पण 17 जुलाई 2026 को किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल द्वारा स्टेशन का व्यापक आधुनिकीकरण किया गया है। स्टेशन परिसर का सौंदर्यीकरण, आकर्षक प्रवेश द्वार, आधुनिक स्टेशन भवन, वातानुकूलित प्रतीक्षालय, पुरुष, महिला एवं दिव्यांगजन के लिए अलग-अलग आधुनिक शौचालय, सुव्यवस्थित पार्किंग, रैंप, प्लेटफॉर्मों का पुनर्सतहीकरण तथा बड़े प्लेटफॉर्म शेल्टर का निर्माण किया गया है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार स्टेशन के नए स्वरूप से यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक यात्रा अनुभव मिलेगा। साथ ही स्टेशन का डिजाइन स्थानीय संस्कृति और क्षेत्रीय पहचान को भी दर्शाता है।
उत्तर रेलवे के मुरादाबाद मंडल ने बताया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे कर लिए गए हैं। 17 जुलाई को आयोजित समारोह में हर्रावाला रेलवे स्टेशन राष्ट्र को समर्पित किया जाएगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया गया यह पुनर्विकास भारतीय रेल के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ ही क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।




